Wednesday, 16 September, 2026

मेजर ध्यानचंद जयंती पर राजनांदगांव में खेल दिवस का भव्य आयोजन

✍️ दादा ध्यानचंद का जीवन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत- महापौर मधुसूदन यादव…

✍️ खेलो इंडिया सेंटर नें पुरुष वर्ग में 03-02, डीएचए राजनांदगांव नें बालिका वर्ग में 04-01 से दर्ज की जीत…

राजनांदगांव, छत्तीसगढ़। 29 अगस्त 2026

हॉकी के महान खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर शनिवार को राजनांदगांव में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला हॉकी संघ राजनांदगांव तथा विभिन्न खेल संघों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेलप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

✍️ खिलाड़ियों नें निकाली भव्य रैली…

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 07:30 बजे अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम से हुई, विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों नें भव्य रैली निकाली, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गौरव पथ स्थित मेजर ध्यानचंद स्मारक पहुंची, यहां मेजर ध्यानचंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई, इसके बाद रैली पुनः अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पहुंची, जहां संगोष्ठी सभा आयोजित की गई, संगोष्ठी नगर पालिक निगम राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव के मुख्य आतिथ्य तथा निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम की अध्यक्षता में संपन्न हुई, कार्यक्रम का संचालन छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी नें किया।

इस अवसर पर जिला हॉकी संघ के सचिव शिव नारायण धकेता, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी रमेश डाकलिया, उपाध्यक्ष भूषण साव, कोषाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह भाटिया, छत्तीसगढ़ हॉकी की कोषाध्यक्ष सुश्री आशा थॉमस, उपाध्यक्ष श्रीमती शबनम अंसारी सहित खेल जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

✍️ मेजर ध्यानचंद का जीवन नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा- मधुसूदन यादव…

मुख्य अतिथि मधुसूदन यादव नें कहा कि मेजर ध्यानचंद जी को पूरी दुनिया में हॉकी के जादूगर के रूप में जाना जाता है, उनका जीवन असाधारण खेल प्रतिभा, अनुशासन, मेहनत और समर्पण का प्रतीक है, उन्होंने अपनें उत्कृष्ट खेल कौशल और गेंद पर अद्भुत नियंत्रण के माध्यम से भारतीय हॉकी को विश्व स्तर पर गौरव दिलाया, उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद के दौर में भारतीय हॉकी टीम नें 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में लगातार तीन स्वर्ण पदक हासिल किए, भारतीय खेलों में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया, उनके जन्मदिवस 29 अगस्त को देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

मधुसूदन यादव नें कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन आज के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और खेल भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया, उन्होंने कहा कि राजनांदगांव के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन कर रहे हैं, जिनमें महक निर्वासे, रेणुका यादव और ज्ञानेश्वरी यादव जैसी प्रतिभाएं शामिल हैं, उन्होंने बताया कि शहर में आगामी समय में राष्ट्रीय स्तर का हॉकी टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा तथा नया एस्ट्रोटर्फ भी लगाया जाएगा।

महापौर नें कहा कि मेजर ध्यानचंद जी की वर्तमान प्रतिमा पुरानी हो चुकी है, प्रतिमा स्थल का जीर्णोद्धार कर नई प्रतिमा स्थापित करनें के साथ स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, उन्होंने नई पीढ़ी के खिलाड़ियों से जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ हॉकी खेलकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करनें का आह्वान किया।

✍️ लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें खिलाड़ी- जी.आर. मरकाम…

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम नें कहा कि जो बच्चे खेलों से जुड़े हैं, उन्हें अपनें जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए, इससे वे अपनें शहर और प्रदेश का नाम देशभर में रोशन कर सकते हैं, उन्होंने खिलाड़ियों से मेजर ध्यानचंद जी को अपना आदर्श मानते हुए खेल भावना के साथ आगे बढ़नें की अपील की, उन्होंने जिला हॉकी संघ द्वारा लगातार आयोजित किए जा रहे खेल आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारनें के लिए नियमित प्रतियोगिताएं एवं मैच आयोजित होना आवश्यक है।

✍️ मेजर ध्यानचंद नें राजनांदगांव को दी थी ‘हॉकी की नर्सरी’ की पहचान- फिरोज अंसारी…

छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी नें कहा कि मेजर ध्यानचंद जी का वर्ष 1971 में राजनांदगांव आगमन हुआ था, इस दौरान शहर में हॉकी के प्रति लोगों और बच्चों की दीवानगी देखकर वे बेहद प्रभावित हुए और राजनांदगांव को ‘हॉकी की नर्सरी’ की पहचान दी, उन्होंने बताया कि नगर भ्रमण के दौरान मेजर ध्यानचंद जी नें राजनांदगांव की गलियों में बच्चों को हॉकी खेलते देखा था, यहां की खेल प्रतिभा और हॉकी के प्रति जुनून नें उन्हें काफी प्रभावित किया, फिरोज अंसारी नें मेजर ध्यानचंद के जीवन एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका योगदान भारतीय हॉकी के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।

✍️ सद्भावना हॉकी मैचों में खिलाड़ियों नें दिखाया शानदार प्रदर्शन…

संगोष्ठी के बाद अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दो सद्भावना हॉकी मैचों का आयोजन किया गया।

पुरुष वर्ग: राजनांदगांव इलेवन बनाम खेलो इंडिया सेंटर- खेलो इंडिया सेंटर नें 03-02 से जीत दर्ज की।
बालिका वर्ग: खेलो इंडिया सेंटर बनाम डीएचए राजनांदगांव- डीएचए राजनांदगांव नें 04-01 से शानदार जीत हासिल की।


मैचों के दौरान खिलाड़ियों नें उत्कृष्ट खेल कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया।

✍️ बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी रहे उपस्थित…

कार्यक्रम में छोटेलाल रामटेके (पार्षद), कोच अनुराज श्रीवास्तव, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, रणविजय प्रताप सिंह, अजय झा, प्रकाश शर्मा, अनिल यादव, राजू रंगारी, अश्विनी राजपूत, शकील अहमद, किशोर धीवर, राजेश निर्मलकर, तौफीक अहमद, अभिनव मिश्रा, योगेश द्विवेदी, सचिन खोब्रागढ़े, तरुण यादव, संदीप यादव, मेहबूब कुरैशी, अनीस रजा, आशीष सिन्हा, गुणवंत पटेल, दीपक सिन्हा, तुलसी सिन्हा, चंदन सिंह भारद्वाज, शबीर हैदर, मुकेश जायसवाल, कमल चौरसिया एवं कृष्णा यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेलप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के सचिव शिव नारायण धकेता नें कार्यक्रम को सफल बनानें में सहयोग प्रदान करनें वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, खेल संघों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *