Wednesday, 16 September, 2026

केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले का 09 सितंबर को बिलासपुर दौरा, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

✍️ लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह; प्रशासन ने जारी किए सुरक्षा एवं यातायात संबंधी दिशा-निर्देश…

बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 09 सितंबर 2026

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले के 09 सितंबर को बिलासपुर प्रवास को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस नें सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है, मंत्री के दौरे तथा लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम, मिशन अस्पताल रोड में प्रस्तावित राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों, आयोजन स्थल और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

प्राप्त कार्यक्रम की जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले बुधवार को दिल्ली से रवाना होकर सुबह रायपुर पहुंचेंगे, इसके बाद वे बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे, बिलासपुर प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होनें के साथ उनकी श्रीमती उषा आफले से मुलाकात भी प्रस्तावित है, शाम को मिशन अस्पताल परिसर स्थित कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति रहेगी।

✍️ कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह…

रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले), छत्तीसगढ़ प्रदेश के तत्वावधान में लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम, मिशन अस्पताल रोड, बिलासपुर में राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले का न्यायधानी बिलासपुर में स्वागत किया जाएगा, आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथियों से शाम 04:00 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचनें की अपील की गई है, कार्यक्रम के पश्चात शाम 07:30 बजे से स्नेह भोज का आयोजन रखा गया है।

✍️ तीन स्तरों पर रहेगी सुरक्षा व्यवस्था…

केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है, सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग के साथ ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी, हवाई अड्डे, होटल परिसर और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी विशेष सुरक्षा जांच की व्यवस्था रहेगी।

मंत्री की सुरक्षा में TP No-66 सहित 200 से अधिक जवानों की तैनाती की जानकारी दी गई है, रायपुर एवं बिलासपुर में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के साथ कार्यक्रम स्थल की विशेष निगरानी की जाएगी।

✍️ यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम…

कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखनें के लिए आवश्यक स्थानों पर डायवर्जन एवं यातायात नियंत्रण की व्यवस्था रहेगी, प्रशासन की ओर से यातायात संबंधी व्यवस्थाएं निर्धारित समय के दौरान प्रभावी रहेंगी, नागरिकों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में सहयोग करें तथा अनावश्यक भीड़ से बचें।

आयोजन स्थल में प्रवेश के लिए वैध पास अथवा निर्धारित अनुमति आवश्यक होगी, प्रशासन नें आम नागरिकों एवं आमंत्रित अतिथियों से सुरक्षा जांच में सहयोग करनें और निर्धारित समय से पहले आयोजन स्थल पहुंचनें की अपील की है।

✍️ उषा आफले नें किया आत्मीय आमंत्रण…

रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) की छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उषा आफले की ओर से राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह के लिए आमंत्रित अतिथियों और कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचनें का आग्रह किया गया है, उन्होंने कहा कि मार्गदर्शकों, प्रेरणास्रोतों एवं समाजसेवा के प्रति समर्पित नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

✍️ कार्यक्रम एक नजर में…

कार्यक्रम: राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह, मुख्य अतिथि: केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले, दिनांक: 09 सितंबर 2026, बुधवार, स्थान: लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम, मिशन अस्पताल रोड, बिलासपुर, उपस्थिति का समय: शाम 04:00 बजे तक, स्नेह भोज: शाम 07:30 बजे से, केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की तैयारियां पूरी हैं और बिलासपुर में सुरक्षा, यातायात तथा आयोजन व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *